
खबर अभी अभी
शिमला:
राजधानी शिमला के पुराने बस अड्डे पर मंगलवार को HRTC और निजी बस कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जिससे बस अड्डे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान दोनों पक्षों के कर्मचारी आमने-सामने आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवाया। घटना के दौरान यात्रियों को भी कुछ देर तक असुविधा का सामना करना पड़ा।
फिलहाल विवाद के कारणों का आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
गौरतलब है कि शिमला के पुराने बस अड्डे पर HRTC और निजी बस ऑपरेटरों के बीच संचालन और बसों के आवागमन को लेकर पहले भी समय-समय पर विवाद सामने आते रहे हैं।





