सरकाघाट में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान का संदेश

खबर अभी अभी
सरकाघाट, 30 जून।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश तथा महिला एवं बाल विकास विभाग निदेशालय के तत्वावधान में जिला कार्यक्रम अधिकारी, मंडी के सौजन्य से मंगलवार को विकास खंड गोपालपुर के सरकाघाट स्थित सेंट्रल पार्क में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना, लैंगिक समानता के प्रति समाज को जागरूक करना, कन्या भ्रूण हत्या एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जनचेतना फैलाना तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना था।

इस अवसर पर आकार थियेटर सोसायटी के कलाकारों ने गीत, संगीत, नृत्य एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, वन स्टॉप सेंटर, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना तथा विधवा पुनर्विवाह योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी और रोचक शैली में प्रस्तुत की। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर जगदीश कुमार शर्मा, पर्यवेक्षक अनिल ठाकुर, पोषण ब्लॉक समन्वयक सतीश कुमार, सरकाघाट एवं रखोह वृत्त की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

बाल विकास परियोजना अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले की विभिन्न पंचायतों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा बेटियों के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Share the news