
खबर अभी अभी
जोगिंदरनगर, 30 जून।
मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं एवं जलजनित रोगों की रोकथाम को लेकर उपमंडल प्रशासन की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। यह बैठक उपमंडलाधिकारी (ना.) जोगिंदरनगर मनीश चौधरी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित की गई, जिसमें आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में एसडीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी नालियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार मशीनरी को भी तैनात रखा जाए। प्रत्येक विभाग अपने-अपने नोडल अधिकारियों को तैनात करें तथा उपमंडलाधिकारी कार्यालय में उनकी जानकारी साझा करें ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो सभी विभाग परिस्थिति के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों का नियमित स्पॉट विजिट करें तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखें। एसडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान जलजनित बीमारियों के फैलने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए जल शक्ति विभाग पेयजल स्रोतों की नियमित गुणवत्ता जांच (वाटर टेस्टिंग) करता रहे तथा वर्षा होने के बाद पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करे।
शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि मौसम संबंधी अलर्ट पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा आपदा संबंधी किसी भी सूचना की अनदेखी न की जाए। जिन विद्यालयों तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को नाला या खड्ड पार करनी पड़ती है, उनकी जानकारी पूर्व में ही प्रशासन को उपलब्ध करवाई जाए ताकि आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा सकें।
एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि उपमंडल की दैनिक हानि (डेली लॉस) रिपोर्ट समयबद्ध रूप से उपमंडलाधिकारी कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही, किसी भी राहत (रिलीफ) प्रकरण को तैयार करते समय संबंधित पटवारी की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से संलग्न की जाए।
स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध रखने तथा फील्ड स्टाफ के माध्यम से लोगों को जलजनित रोगों के लक्षणों, बचाव एवं स्वच्छता संबंधी उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मानसून के दौरान बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मानसून के दौरान संभावित आपदा से निपटने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी भी साझा की।
इस बैठक में तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, तहसीलदार लड़भडोल डॉ मुकुल शर्मा, नायब तहसीलदार जोगिंदर नगर जागृति राठौर तथा अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।





