
खबर अभी अभी
शिमला।
शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ठियोग में चिट्टा तस्करी के पूरे सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में पंजाब के मोहाली से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर नशे की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार 21 जून को ठियोग थाना की टीम फागू क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध वाहन की तलाशी में करीब नौ ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया था। इस मामले में फागू निवासी 22 वर्षीय साहिल वर्मा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-21 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी से पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान तकनीकी जांच, मोबाइल और व्हाट्सएप विश्लेषण से महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले।
जांच में खुलासा हुआ कि बरामद चिट्टा मोहाली निवासी शिव चरण महतो से लाया गया था। इसके बाद गठित विशेष पुलिस टीम ने 29 जून की मध्यरात्रि को मोहाली में दबिश देकर मुख्य सप्लायर शिव चरण महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऊपरी शिमला क्षेत्र में करीब 50 लोगों को नियमित रूप से हेरोइन की आपूर्ति करता था।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। शिमला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत केवल बरामदगी ही नहीं, बल्कि पूरे सप्लाई नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





