marnath Yatra 2026: आज जम्मू से रवाना होगा पहला जत्था, बाबा बर्फानी के स्वागत को तैयार बालटाल और नुनवान

खबर अभी अभी
श्रीनगर/जम्मू।
57 दिवसीय पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था बुधवार को जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से रवाना होगा, जबकि 2 जुलाई को श्रद्धालु बालटाल और नुनवान आधार शिविरों में पहुंचेंगे। यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड और सुरक्षा एजेंसियों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा तक श्रद्धालु 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से पहुंचेंगे। यात्रा शुरू होने से पहले बालटाल से पवित्र गुफा तक के मार्ग पर भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे कुछ समय के लिए कार्य प्रभावित हुआ। हालांकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने में जुटी हुई हैं।

बालटाल और नुनवान दोनों आधार शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भव्य लंगर, पंडाल, चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। देशभर से पहुंचे सेवा संगठनों के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुट चुके हैं। शिविरों में भजन-कीर्तन और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।

यात्रा की सुरक्षा के लिए इस बार अभेद्य सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। भारतीय सेना ऑपरेशन शिवा के तहत ऊंचाई वाले इलाकों और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी रख रही है, जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस ऑपरेशन हॉक आई के जरिए सुरक्षा और खुफिया तंत्र को मजबूत किए हुए है। सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे यात्रा मार्ग पर तैनात हैं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने देशभर के श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रद्धा और धैर्य के साथ यात्रा करने का आग्रह करते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष की यात्रा पहले से अधिक सफल और सुव्यवस्थित होगी।

Share the news