
3/8/2026
कुल्लू
खबर अभी अभी
रेड क्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू के सौजन्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने बताया कि यह विशेष शिविर 13 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों की शुरुआत 13 अगस्त को ग्राम पंचायत भरेण के पंचायत घर से होगी। इसके पश्चात 14 अगस्त को ग्राम पंचायत रातोचा के पंचायत घर, 18 अगस्त को ग्राम पंचायत चोंग के कम्युनिटी हॉल तथा 19 अगस्त को ग्राम पंचायत पुंथल के पंचायत घर में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी स्थानों पर शिविरों का समय प्रातः 10:00 बजे से निर्धारित किया गया है। इन शिविरों में पी एंड ओ तकनीशियन, स्पीच एंड हियरिंग तकनीशियन, विशेष शिक्षक , एमआरडब्ल्यू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। यह टीम शिविर में आने वाले दिव्यांग व्यक्तियों की पुनर्वास आवश्यकताओं का आकलन करेगी तथा सरकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित करने हेतु मामलों को आगे बढ़ाएगी।
सहायक आयुक्त ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें चिन्हित कर नए कार्ड बनवाने में सहायता दी जाएगी। शिविरों में 6 वर्ष से कम आयु के विकासात्मक देरी वाले बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों की भी पहचान की जाएगी जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में समस्या है, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जा सकें। इसके अतिरिक्त दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और बचाव को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी पात्र व्यक्तियों से भारी संख्या में उपस्थित होकर इन शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।






