
7/8/2026
खबर अभी अभी | सोलन
सोलन नगर निगम से सटी पंचायतों में बढ़ती कूड़ा प्रबंधन एवं अन्य जनसमस्याओं को लेकर पंचायत समिति का एक प्रतिनिधिमंडल बीडीसी अध्यक्षा प्रोमिला कौशल की अध्यक्षता में नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर चेतन चौहान, महापौर एवं उपमहापौर से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष मांग रखी कि जिस प्रकार नगर निगम क्षेत्र में घर-घर से गाड़ियों के माध्यम से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाता है, उसी तर्ज पर नगर निगम से सटी पंचायतों सलोगड़ा, सपरून, सन्होल, कोठों और शामती में भी कूड़ा उठान की व्यवस्था लागू की जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के दौरान बीडीसी सदस्य मनीष कुमार (सलोगड़ा एवं मनसार) ने कूड़ा संयंत्र का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र में स्थित कूड़ा संयंत्र के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जनहित को देखते हुए इस संयंत्र को वहां से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने गांवों में लंबे समय से चली आ रही अन्य समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष रखा। सदस्यों ने पेयजल, सड़क, सफाई व्यवस्था, नालियों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
इस अवसर पर बीडीसी उपाध्यक्ष गोपाल, पंचायत समिति के अन्य बीडीसी सदस्य तथा बीडीओ सोलन मंजुला कंवर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
नगर निगम अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित पंचायतें अपना रेजोल्यूशन (प्रस्ताव) नगर निगम को भेजें। प्रस्ताव प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए कूड़ा प्रबंधन सहित अन्य जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






