सराहां में पच्छाद कांग्रेस की विशेष बैठक, 2027 में फिर सरकार बनाने का दावा; संगठन मजबूत करने पर जोर

12/8/2026
सिरमौर
खबर अभी अभी

कांग्रेस सरकार और प्रदेश संगठन के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को सराहां में कांग्रेस मंडल पच्छाद की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने की। बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में जोगिंद्रा बैंक के अध्यक्ष एवं पच्छाद कांग्रेस प्रभारी मुकेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर और कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी भी इस दौरान उपस्थित रहीं।

पत्रकारों से बातचीत में मुकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी और जनप्रिय नीतियों को हर परिवार तक पहुंचाना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन को मजबूत करने के लिए मंडल स्तर पर इस तरह की बैठकें लगातार आयोजित की जाएंगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में कांग्रेस एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

मुकेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2022 में कांग्रेस सरकार प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन के संकल्प के साथ सत्ता में आई थी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेसहारा बच्चों के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार ने चुनाव के दौरान घोषित 10 गारंटियों में से सात को पूरा कर दिया है और शेष गारंटियों को भी जल्द पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही कैबिनेट की पहली बैठक में 1.36 लाख कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने का फैसला किया। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के लिए बजट प्रावधान किए जाने की बात कही।

शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए मुकेश शर्मा ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के बीच समानता लाने के उद्देश्य से सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी विषय शुरू किया गया है तथा कुछ सरकारी स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न में लाया जा रहा है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश को मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (RDG) राशि को बंद कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश को दो बड़ी आपदाओं का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद विकास कार्य प्रभावित नहीं होने दिए गए। उन्होंने केंद्र की नीतियों को हिमाचल के हितों के खिलाफ बताते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी और मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर सोलन से पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवकुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीलम शर्मा, देवेंद्र शास्त्री, पूर्ण ठाकुर, सुरेंद्र सपरा, राजेश ठाकुर और सुधीर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share the news