
बल्ह। रेड जोन पंचायत कुम्मी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (GSSS) कुम्मी में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे और अन्य भटकाव से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। एसडीएम ने युवाओं से खेल, योग और करियर ओरिएंटेशन जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया, ताकि वे अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा में लगा सकें।
स्मृतिका नेगी ने कहा कि युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, सही मार्गदर्शन और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकते हैं तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना समाज और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि युवा शक्ति को सही दिशा, नशे से दूरी और उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाना प्राथमिकता है।






