
खबर अभी-अभी | नालागढ़, 20 अगस्त 2026।
खबर अभी-अभी ब्यूरो | नालागढ़

दून विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए गुरुवार को नई बस सेवा शुरू की गई। दून विधायक ने बस को हरी झंडी दिखाकर नालागढ़ से खरूनी, जामा द डोरा, साईं होते हुए घरेड़ रूट के लिए रवाना किया। बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र की करीब सात पंचायतों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि विधायक ने एक दिन पहले ग्राम पंचायत भवासनी में जनसमस्याएं सुनी थीं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नियमित बस सुविधा शुरू करने की मांग रखी थी। लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए बस सेवा शुरू की गई।
सात पंचायतों को मिलेगा लाभ
नई बस सेवा से मानपुरा, भवासनी, साईं, नंदपुर, लोदीमाजरा, भरेड़ और सौड़ी सहित आसपास की पंचायतों के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी। इन क्षेत्रों के कई गांवों में नियमित बस सेवा नहीं होने के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कामगारों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
यह बस करीब 30 किलोमीटर का सफर तय करेगी और इसका रात्रि ठहराव घरेड़ में होगा। सुबह की बस सेवा से क्षेत्र के विद्यार्थियों, युवाओं और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कामगारों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अलावा नौकरीपेशा लोगों और अन्य ग्रामीणों के लिए भी यह बस सेवा उपयोगी साबित होगी।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
स्थानीय लोगों ने बस सेवा शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही परिवहन समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि नियमित बस सुविधा मिलने से दैनिक आवागमन आसान होगा और विद्यार्थियों तथा कामगारों को राहत मिलेगी।
नई बस सेवा से क्षेत्र के गांवों का नालागढ़ के साथ संपर्क और मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही लोगों को आने-जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।





