कुल्लू बस स्टैंड क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त, एसडीएम जयवंती ठाकुर ने जनता से सहयोग की अपील

खबर अभी-अभी | 21 अगस्त, 2026 | कुल्लू।

जिला कुल्लू के बस स्टैंड क्षेत्र में फैली बदबू और गंदगी की शिकायतों पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफाई अभियान चलाया है। एसडीएम जयवंती ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में दुर्गंध और कचरे को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतें तथा एक प्रतिनिधिमंडल का ज्ञापन प्राप्त हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने नगर परिषद कुल्लू के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कनिष्ठ अभियंता के साथ संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। संयुक्त निरीक्षण के बाद क्षेत्र में तत्काल सफाई कार्य शुरू करवाया गया।

99 प्रतिशत कचरा हटाया गया

सहायक आयुक्त ने बताया कि सफाई अभियान के दौरान कल तक क्षेत्र से करीब 99 प्रतिशत कचरा हटा दिया गया था। बचा हुआ कचरा भी शुक्रवार सुबह पूरी तरह साफ कर दिया गया है।

कचरा प्रबंधन के लिए बनाई गई रणनीति

प्रशासन ने भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए नगर परिषद के साथ नियमित बैठकें करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा तथा कचरा निपटान से जुड़ी मशीनों को पूरी तरह कार्यशील बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

जनता से सहयोग की अपील

एसडीएम जयवंती ठाकुर ने नगरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि साफ-सफाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से घरों से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग कर देने की अपील की, ताकि कचरे का वैज्ञानिक और प्रभावी ढंग से निपटान किया जा सके और कुल्लू शहर को स्वच्छ रखा जा सके।

Share the news