
24 अगस्त, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी पुलिस की पीओ सेल (Proclaimed Offender Cell) टीम ने लंबे समय से कानून की पकड़ से बच रहे एक घोषित अपराधी को हरियाणा के पंचकूला से गिरफ्तार किया है। आरोपी को रविवार, 23 अगस्त 2026 को पंचकूला की राजीव कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेद प्रकाश उर्फ जीवन लाल, निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। आरोपी को मंडी के सेशंस जज द्वारा 7 सितंबर 2011 को घोषित अपराधी करार दिया गया था।
यह मामला सदर थाना मंडी में 2 जनवरी 2007 को दर्ज एफआईआर संख्या 06/2007 से संबंधित है। आरोपी के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (ND&PS Act) की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मंडी पुलिस के अनुसार मामला भले ही करीब दो दशक पुराना हो, लेकिन कानून से बचने वाले आरोपियों की तलाश लगातार जारी रहती है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई करते हुए आखिरकार उसे पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि न्याय से बचने की कोशिश करने वालों को कानून के दायरे में लाने के लिए मंडी पुलिस लगातार प्रयासरत है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मंडी पुलिस का संदेश है कि न्याय मिलने में समय लग सकता है, लेकिन कानून से लंबे समय तक बचना संभव नहीं है।





