मंडी-पठानकोट हाईवे पर थार पलटी, 8 ट्रेनी डॉक्टर घायल; 3 पालमपुर रेफर

24 अगस्त, 2026 | खबर अभी-अभी | जोगिंद्रनगर

मंडी-पठानकोट हाईवे पर जोगिंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार में शनिवार तड़के एक थार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में आयुर्वेदिक अस्पताल परोल के आठ प्रशिक्षु डॉक्टर घायल हो गए। इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद पालमपुर रेफर किया गया, जबकि पांच को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार तड़के करीब 3 बजे के बाद हुआ। बताया जा रहा है कि थार में सवार सभी प्रशिक्षु चिकित्सक जोगिंद्रनगर आए हुए थे। इसी दौरान लक्ष्मी बाजार के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरा।

हादसे में कुछ प्रशिक्षु चिकित्सकों को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया।

घायलों में मंडी, कांगड़ा, शिमला, ऊना और जयपुर के निवासी शामिल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद जोगिंद्रनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Share the news