
दादी प्रकाशमणि की पावन स्मृति में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा देशभर में 10 करोड़ भारतीयों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना है।
इसी अभियान के तहत ब्रह्माकुमारी संस्था की सोलन शाखा द्वारा लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। संस्था की प्रमुख ने बताया कि मेलों, धार्मिक आयोजनों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य विभिन्न स्थानों पर जाकर नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संस्था ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करें।






