
29 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी-पंडोह रोड पर 6 मील के पास वीरवार रात करीब 10 बजे एक जीप ब्यास नदी में गिर गई। हादसे के बाद से जीप के साथ चालक रमेश चंद भी लापता है। बताया जा रहा है कि रमेश चंद लाहुल से गोभी लेकर पंजाब जा रहा था, लेकिन मंजिल तक नहीं पहुंचने पर परिजनों और जानकारों ने उसकी तलाश शुरू की।
मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने पर 6 मील के पास लोकेशन मिली, जिसके बाद संभावित हादसे का पता चला। शनिवार दोपहर 112 नंबर पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। SHO सुनील कुमार की मौजूदगी में पुलिस और रेस्क्यू टीम ने ब्यास नदी तथा आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
जीप के हिस्से, मोबाइल और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
तलाशी अभियान के दौरान जीप के कुछ हिस्से, मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए हैं। हालांकि, जीप और चालक रमेश चंद का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस और रेस्क्यू टीम द्वारा ब्यास नदी और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। टीम नदी के बहाव वाले क्षेत्र में भी तलाश कर रही है। परिजन भी रमेश चंद के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।





