
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को शिमला जिला के मशोबरा विकास खंड स्थित राज्य पंचायत संसाधन केंद्र में 33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित डिजिटल स्टूडियो का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि डिजिटल स्टूडियो के निर्माण से पंचायती राज संस्थाओं के प्रशिक्षुओं और प्रतिनिधियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में पंचायत प्रतिनिधियों के लिए नवीनतम तकनीक और उपकरणों की जानकारी हासिल करना जरूरी है। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से ग्रामीण विकास कार्यों को भी गति दी जा सकेगी।
उद्घाटन के दौरान अनिरुद्ध सिंह ने डिजिटल स्टूडियो की गुणवत्ता और इसके उपयोग को लेकर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं से भी सीधा संवाद किया और प्रशिक्षण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव सुने।
आठ माह में पूरा हुआ निर्माण कार्य
पंचायती राज मंत्री ने बताया कि डिजिटल स्टूडियो का निर्माण कार्य नवंबर 2025 में शुरू किया गया था, जिसे मात्र आठ माह की अवधि में पूरा कर अगस्त 2026 में तैयार किया गया।
उन्होंने बताया कि इस स्टूडियो का उपयोग पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास से संबंधित उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल प्रशिक्षण और संचार सामग्री के निर्माण, रिकॉर्डिंग, उत्पादन एवं प्रसार के लिए किया जाएगा।
डिजिटल स्टूडियो में ऑनलाइन प्रशिक्षण, वेबिनार, वीडियो कॉन्फ्रेंस, विशेषज्ञ वार्ता, साक्षात्कार, जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ई-लर्निंग और डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल होंगे तैयार
अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि स्टूडियो के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के लिए ई-लर्निंग एवं डिजिटल प्रशिक्षण मॉड्यूल भी तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के लिए पेशेवर ऑडियो-विजुअल सामग्री तैयार करने की सुविधा भी यहां उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह अत्याधुनिक डिजिटल स्टूडियो राज्य पंचायती राज संसाधन केंद्र को एक केंद्रीकृत डिजिटल लर्निंग एवं कम्युनिकेशन हब के रूप में मजबूत करेगा। इससे ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर तकनीक आधारित प्रशिक्षण की पहुंच और गुणवत्ता को बढ़ावा मिलेगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर निदेशक पंचायती राज विभाग राघव शर्मा, अतिरिक्त सचिव पंचायती राज नीलम दुलटा, अधीक्षण अभियंता पंचायती राज राजेश चंदेल, खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





