
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | सिरमौर

सिरमौर। जिला सिरमौर के बर्फीले क्षेत्रों में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का जनसंख्या गणना कार्य 1 सितंबर से शुरू होगा। यह कार्य 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक चलेगा। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण के तहत तहसील नोहराधार के 10 गांवों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इनमें नोहराधार, बांदल, चाड़ना, चुनवीबौड़, सैल, घंडूरी, चौरास टारना, तलांगना, चूडधार और भोग भटेवरी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों में जनगणना अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर जनसंख्या से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्रित करेंगे। इस चरण के दौरान करीब 9,675 लोगों की जनगणना संबंधी जानकारी जुटाई जाएगी।
सही जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील
उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने क्षेत्रवासियों से जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जनगणना के दौरान मांगी जाने वाली जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध करवाएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान लोगों द्वारा उपलब्ध करवाई गई जानकारी भविष्य में विकास कार्यों की योजना बनाने और नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसलिए सभी नागरिक इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में सहयोग करें और जनगणना कार्य को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।





