
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। सोलन में सब्जियों के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे आम लोगों के बजट पर असर पड़ रहा है। हालांकि रविवार को सोलन के पुराने बस अड्डे के समीप लगने वाली किसान जनता मंडी में सब्जियों के दाम अपेक्षाकृत स्थिर रहे। मंडी में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
किसान जनता मंडी सजते ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई और धीरे-धीरे खरीददारों की संख्या बढ़ती गई। खास बात यह रही कि यहां आलू 100 रुपये में 5 किलो तक उपलब्ध रहे, जिसके चलते लोगों ने जमकर खरीदारी की।
किसान जनता मंडी में सोलन शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग सब्जियां खरीदने पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह मंडी इसलिए भी आकर्षण का केंद्र रहती है क्योंकि यहां बाजार की तुलना में कई सब्जियां कुछ कम दामों पर मिल जाती हैं।
घर का बना सामान भी लेकर पहुंचते हैं विक्रेता
किसान जनता मंडी की खासियत केवल ताजी और अपेक्षाकृत सस्ती सब्जियां ही नहीं हैं। कई बार स्थानीय सब्जी विक्रेता और किसान घर की बनी लस्सी, पनीर और अन्य उत्पाद भी बिक्री के लिए लेकर पहुंचते हैं। इन घरेलू उत्पादों को खरीदने में भी लोगों की खास दिलचस्पी रहती है।
शाम होते-होते मंडी में खरीदारों की भीड़ और बढ़ जाती है। लोग अपनी जरूरत के अनुसार सब्जियों और अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करते नजर आते हैं।





