
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | श्री नैना देवी जी, बिलासपुर

श्री नैना देवी जी। विधानसभा क्षेत्र के गांव घंटेवाला शरण में स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर ग्रामीणों में विरोध देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने के साथ-साथ गांव में पहले से लगाए जा चुके स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग सरकार और प्रशासन से की है।
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले से ही कई सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं। उनका दावा है कि गांव के सभी स्थायी निवासी भाखड़ा बांध विस्थापन से प्रभावित हैं और इसके बावजूद वर्षों से उन्हें उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर आश्वासन ही मिलते रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी पुरानी समस्याओं का समाधान करने के बजाय अब स्मार्ट मीटर के रूप में एक और परेशानी उनके सामने खड़ी की जा रही है। इसी के विरोध में गांव के बुजुर्गों और महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया।
810 घरों में लगाए गए मीटर हटाने की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सहमति के बिना या उन्हें पर्याप्त जानकारी दिए बिना गांव के करीब 810 घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं। उन्होंने इन मीटरों को भी हटाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल रोका जाए और गांववासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। उन्होंने कहा कि भाखड़ा बांध विस्थापन से जुड़े मामलों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने विरोध को और तेज कर सकते हैं।





