
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित प्रदेश पदाधिकारी बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों से सक्रिय रूप से जुड़ने और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में बूथ सशक्तिकरण के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के सामान्य नागरिकों की उपलब्धियों, नवाचार, सामाजिक परिवर्तन, राष्ट्रसेवा और जनभागीदारी को राष्ट्रीय मंच देने वाला जनसंवाद बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से उन लोगों के प्रयासों को देश के सामने रखते हैं, जो बिना किसी प्रचार के समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का संवाद देशहित, विकास और राष्ट्र निर्माण पर केंद्रित रहता है, जबकि कांग्रेस और उसके वैचारिक सहयोगी सकारात्मक विषयों को भी विवाद में बदलने का प्रयास करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर राजनीति की और अब युवाओं के बीच भी भ्रम एवं विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है।
अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने उन चुनौतियों के समाधान की दिशा में कदम उठाए हैं, जिन्हें कांग्रेस सरकारों के समय वर्षों तक असंभव माना जाता था। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू-कश्मीर में अलगाववाद तथा पत्थरबाजी पर कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
उन्होंने कहा कि देश नक्सलवाद के खिलाफ भी निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के खिलाफ काम करने वाली ताकतों पर कार्रवाई की गई है।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का विरोध करते-करते वह राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर किस दिशा में जा रही है।
‘युवा भारत’ को लेकर भाजपा का जोर
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज देश का युवा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार, रोजगार सृजन, खेल और राष्ट्र निर्माण जैसे क्षेत्रों में युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सबसे बड़ा सामर्थ्य युवा भारत है और युवाओं को जाति या वर्ग के नाम पर बांटने वाली राजनीति को देश स्वीकार नहीं करेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर हिमाचल प्रदेश में भी जनाधार खोने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को देख रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में हिमाचल की जनता कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान
श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र प्रथम, जनसेवा और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है। ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रम जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।





