
खबर अभी अभी | 03 सितंबर 2026 | शिमला

विधानसभा सत्र के दौरान पांवटा साहिब से भाजपा विधायक सुखराम चौधरी ने सड़क और OBC आरक्षण के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने पांवटा साहिब की बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इंडस्ट्री और माइनिंग से करोड़ों रुपये का राजस्व लेने वाली सरकार सड़कों की मरम्मत के लिए सालाना 15 करोड़ रुपये भी खर्च नहीं कर पा रही है।
सुखराम चौधरी ने कहा कि पांवटा साहिब की कई सड़कें पिछले तीन वर्षों से बदहाल स्थिति में हैं और जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। उन्होंने बांगरन-शिपपुर-बघानी-खोदरी-माजरी समेत क्षेत्र की अन्य सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की।
विधायक ने कहा कि सड़कों की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने की मांग की।
OBC आरक्षण को लेकर भी उठाए सवाल
सुखराम चौधरी ने विधानसभा में OBC आरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में OBC समाज की आबादी करीब 24 प्रतिशत होने के बावजूद उन्हें सरकारी नौकरियों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
उन्होंने MBBS की 610 पोस्ट में केवल 14 OBC पद होने का दावा करते हुए OBC वर्ग को कम से कम 18 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
सुखराम चौधरी ने सड़क और आरक्षण दोनों मुद्दों पर सरकार से गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।





