
12 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। कुल्लू में शनिवार सुबह शीतला माता मंदिर ब्रिज के पास एक महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा सुबह करीब 6:15 बजे हुआ। वाहन में दो स्थानीय युवक सवार थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, थार शीतला माता मंदिर ब्रिज के पास मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई। इसके बाद वाहन सड़क से बाहर निकलकर सीधे खड्ड में जा गिरा। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उस समय दोनों युवक वाहन में फंसे हुए थे।
स्थानीय निवासी अजय के मुताबिक, हादसे के बाद इतनी तेज आवाज हुई कि कुछ क्षण के लिए ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि थार खड्ड में गिरी हुई थी और उसमें दोनों युवक फंसे हुए थे।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया।
गनीमत रही कि हादसा काफी खतरनाक होने के बावजूद दोनों युवकों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। थार किस कारण से अनियंत्रित हुई और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पड़ताल की जा रही है।
खतरनाक मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हुई थार देखते ही देखते खाई में जा गिरी। हादसे की गंभीरता का अंदाजा वाहन की स्थिति से लगाया जा सकता है। राहत की बात यह रही कि दोनों युवक सुरक्षित बच गए।





