
14 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुनिहार, सोलन

कुनिहार। गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल कुनिहार में 12 एवं 13 सितंबर 2026 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), पंचकूला के तत्वावधान में दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (Capacity Building Programme) का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “Science – Secondary Domain-2” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने संसाधन व्यक्तियों एवं प्रतिभागी शिक्षकों का स्वागत किया।
कार्यशाला में संसाधन व्यक्ति सुश्री एकता शर्मा और श्री अंकित राणा ने शिक्षकों को विज्ञान विषय के प्रभावी, नवाचारपूर्ण और गतिविधि-आधारित शिक्षण की विभिन्न विधियों से अवगत करवाया। उन्होंने आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, विषयगत अवधारणाओं तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
दोनों दिनों के दौरान विभिन्न गतिविधियों, समूह कार्य, संवादात्मक सत्रों और व्यावहारिक अभ्यासों का आयोजन किया गया। प्रतिभागी शिक्षकों ने इन सत्रों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि हुई और उन्हें कक्षा-कक्ष में अधिक प्रभावी तथा रचनात्मक शिक्षण के लिए प्रेरणा मिली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अल्का भारद्वाज ने संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे क्षमता संवर्धन कार्यक्रम शिक्षकों को निरंतर सीखने, नई शिक्षण तकनीकों को अपनाने और अपने व्यावसायिक कौशल को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यालय की ओर से सुश्री एकता शर्मा एवं श्री अंकित राणा को फ्लावर पॉट भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या ने प्रतिभागी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक का सतत सीखना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की आधारशिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान और अनुभव विद्यार्थियों के शिक्षण-अधिगम को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
विद्यालय के निदेशक श्री समीर गर्ग एवं श्रीमती अदिति गर्ग ने भी अपने संदेश में शिक्षकों के निरंतर क्षमता संवर्धन को वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य में आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण पद्धतियों और शैक्षिक नवाचारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने संसाधन व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों ने विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या और आयोजन समिति का धन्यवाद किया। दो दिवसीय कार्यक्रम ज्ञान, नवाचार, सहभागिता और अनुभवों के आदान-प्रदान का सार्थक मंच साबित हुआ तथा प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव रहा।





