
18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ‘नशामुक्त हिमाचल, नशामुक्त मंडी’ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय मंडी के डीआरडीए सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की। इस दौरान जिले में नशा उन्मूलन, जागरूकता, रोकथाम, उपचार और पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने जिलावासियों से हर प्रकार के नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी गंभीर रूप से हानिकारक है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को होने वाली विशेष ग्राम सभाओं में नशा निवारण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने आम लोगों से नशे की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना प्रशासन एवं पुलिस को देने का आह्वान किया। शिक्षण संस्थानों के आसपास, गांव या शहर में नशे से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस विभाग के व्हाट्सऐप नंबर 93172-21001 पर सूचना दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
अपूर्व देवगन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। हॉटस्पॉट पंचायतों का नियमित दौरा करने और स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ खेल, शिक्षा, सामाजिक मूल्यों और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर संवाद करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने विद्यालयों में बैग फ्री डे के दौरान रचनात्मक एवं प्रेरणादायक गतिविधियां आयोजित करने पर भी जोर दिया। स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ सोशल मीडिया हैंडलर्स और इन्फ्लुएंसर्स की मदद से नशा विरोधी जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
नशा मुक्ति केंद्रों की व्यवस्था की निगरानी के लिए गठित टीमों को महीने में कम से कम एक बार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मरीजों के लिए व्यक्तिगत पुनर्वास योजनाएं तैयार करने और उपचार के बाद नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने और सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग को अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। शिक्षण संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान पोर्टल पर अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों और प्रगति की रियल-टाइम रिपोर्ट अपलोड करने को कहा।
जिला कल्याण अधिकारी एवं सदस्य सचिव, नशा मुक्त भारत अभियान, समीर ने जिले में अभियान के तहत चल रही विभिन्न गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी दी।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, नगर निगम आयुक्त डॉ. मदन कुमार, डीडीओ डीआरडीए गोपी चंद पाठक, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पवनेश महंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिले के सभी उपमंडलाधिकारी (ना.) वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।





