
18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी
मंडी। हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मेडिकल लैबोरेट्री टैक्निशियन ग्रेड-II (जॉब ट्रेनी) के 18 पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों के नाम संबंधित विभाग को प्रायोजित किए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि जिन पात्र अभ्यर्थियों का रोजगार कार्यालय में पंजीकरण किसी कारणवश समाप्त या व्यपगत हो गया है, अथवा जिन्होंने अभी तक रोजगार पंजीकरण नहीं करवाया है, वे 14 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीकरण अथवा नवीनीकरण अनिवार्य रूप से करवा लें।
प्रायोजन के लिए निर्धारित अंतिम बैच के अनुसार सामान्य श्रेणी (अनारक्षित) के 9 पदों के लिए दिसंबर 2012, सामान्य ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 1 पद के लिए दिसंबर 2015, सामान्य डब्ल्यूएफएफ श्रेणी के 1 पद के लिए दिसंबर 2025, अनुसूचित जाति (अनारक्षित) के 5 पदों के लिए दिसंबर 2021 तथा अनुसूचित जनजाति (अनारक्षित) के 2 पदों के लिए दिसंबर 2022 बैच निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे अपने रोजगार पंजीकरण की स्थिति अवश्य जांच लें और निकटतम जिला रोजगार कार्यालय या उप रोजगार कार्यालय में जाकर यह सुनिश्चित करें कि उनका पंजीकरण सक्रिय है या नहीं।
यदि पंजीकरण समाप्त या व्यपगत हो गया है तो निर्धारित तिथि से पहले संबंधित रोजगार कार्यालय अथवा ईईएमआईएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करवाया जा सकता है।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि तक जिन अभ्यर्थियों का रोजगार पंजीकरण वैध नहीं होगा या जिन्होंने पंजीकरण/नवीनीकरण नहीं करवाया होगा, उनके नाम स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रायोजित नहीं किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।





