बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे दोपहिया वाहनों पर पुलिस का एक्शन, ऊना में 43 बाइक जब्त

ऊना, 26 सितंबर।
खबर अभी अभी | ऊना

जिले में बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे दोपहिया वाहनों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि 21 सितंबर से शुरू की गई इस मुहिम के तहत ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिनकी पहचान स्पष्ट नहीं है और जिनसे सार्वजनिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को खतरा उत्पन्न हो सकता है।

पुलिस ने अभियान के तहत अब तक करीब 43 दोपहिया वाहनों को कब्जे में लिया है। एसपी ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों का पुलिस द्वारा सत्यापन किया जा रहा है और नियमों के अनुसार चालान की कार्रवाई भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सत्यापन और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इन वाहनों को अदालत के आदेश के माध्यम से रिलीज किया जा सकेगा।

पुलिस के अनुसार यह अभियान जिले में वाहनों की पहचान सुनिश्चित करने और सार्वजनिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Share the news