
शिमला, 26 सितंबर 2026।
खबर अभी अभी | शिमला

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शिमला में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उपायुक्त ने बताया कि 2 अक्टूबर को सुबह 6 बजे लाल बहादुर शास्त्री चौक, केंद्रीय तारघर से प्रभात फेरी शुरू होगी। यह लोअर बाजार से होते हुए शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट के रास्ते रिज मैदान पहुंचेगी, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप प्रभात फेरी का समापन किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्रसेवा के उनके संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा देती है।
बैठक में प्रभात फेरी में विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से उनके विचारों एवं आदर्शों का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला के लोगों से प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर लोगों को उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शहरी सन्नी शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर विक्रम चौहान तथा जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





