नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, गंभीर बीमारियों के इलाज को मिलेगी मजबूती

10 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। एमआरआई, कैंसर उपचार, रोबोटिक सर्जरी और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिल रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाना और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करना है।

23.53 करोड़ की लागत से 3 टेस्ला एमआरआई

मेडिकल कॉलेज में करीब 23.53 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक 3 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की गई है। रेडियो डायग्नोसिस विभाग में सहायक आचार्य के तीन पद भी सृजित किए गए हैं।

कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार

अस्पताल में तृतीयक स्तर का कैंसर केंद्र शुरू हो चुका है। यहां 10 बिस्तरों वाला डे-केयर वार्ड और कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध है। करीब 21.05 करोड़ रुपये की लागत से रेडियोथेरेपी उपकरण स्थापित किया गया है, जबकि 9.10 करोड़ रुपये की लागत से 4डी सीटी सिम्युलेटर भी खरीदा गया है।

इसके अलावा, करीब 51 करोड़ रुपये के पीईटी स्कैन मशीन ब्लॉक की आधारशिला रखी गई है, जिससे कैंसर की जांच और उपचार सुविधाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

100 से अधिक रोबोटिक सर्जरी

मेडिकल कॉलेज में 28.44 करोड़ रुपये की लागत से रोबोटिक सर्जरी मशीन स्थापित की गई है। मार्च 2026 में शुरू हुए रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के तहत अब तक 100 से अधिक सर्जरी की जा चुकी हैं।

हृदय रोगियों के लिए कैथ लैब

कैथ लैब स्थापित करने के लिए सरकार ने 9.79 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। हृदय रोग विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के साथ सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और मरीजों को नियमित ओपीडी सुविधा दी जा रही है।

नर्सों की तैनाती और चिकित्सा शिक्षा पर जोर

मेडिकल कॉलेज में 123 नर्सों की तैनाती की गई है। आईसीयू में 25 से 30 अतिरिक्त बेड स्थापित करने की योजना है। संस्थान में एसआरशिप भी शुरू की गई है। प्रदेश सरकार इस वर्ष पीजी की 320 सीटें बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

23 विभागों में मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन, बाल रोग, हड्डी रोग, शल्य चिकित्सा, हृदय रोग, कैंसर चिकित्सा, रेडियोलॉजी और अन्य विशेषज्ञ विभागों सहित कुल 23 विभाग कार्यरत हैं।

सरकार का उद्देश्य नेरचौक मेडिकल कॉलेज को आधुनिक और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है, ताकि मंडी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।

Share the news