
12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रामपुर बुशहर

अंतरराष्ट्रीय लवी मेला-2026 का आयोजन 11 से 14 नवंबर तक रामपुर बुशहर में किया जाएगा। मेले में चार सांस्कृतिक संध्याएं, मिस्टर-मिस बुशहर प्रतियोगिता, लेजर शो, पारंपरिक स्वाद महोत्सव और अश्व प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में मेला समिति की बैठक आयोजित की गई।
मेले की चार सांस्कृतिक संध्याओं में दो पहाड़ी संस्कृति, एक बॉलीवुड और एक पंजाबी संगीत पर आधारित होगी। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं, कवि सम्मेलन, पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता, वॉल आर्ट और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बुशहर की विरासत और पारंपरिक व्यापार पर रहेगा जोर
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि लवी मेला बुशहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक विरासत का प्रतीक है। मेले में ऐतिहासिक दस्तावेजों, पुराने छायाचित्रों, हस्तशिल्प, हथकरघा, ऊनी उत्पादों, पारंपरिक आभूषणों और स्थानीय कृषि-बागवानी उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। बुशहर और तिब्बत के ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
रामपुर में विशेष लाइटिंग और सजावट के साथ सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त अस्थायी पेयजल कनेक्शन, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। किन्नौरी मार्केट को एकरूप स्वरूप देने के लिए समान शैली की कैनोपी उपलब्ध करवाई जाएगी।
चामुर्थी घोड़े होंगे आकर्षण, होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
मेले में हिमाचल की प्रसिद्ध चामुर्थी नस्ल के घोड़ों की अश्व प्रदर्शनी आयोजित होगी। अन्य राज्यों की नस्लों को भी शामिल करने की योजना है। घोड़ों के लिए 400 और 800 मीटर की दौड़ सहित गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिताएं होंगी। किसान गोष्ठी में पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, खान-पान और देखभाल संबंधी जानकारी दी जाएगी।
300 पुलिस कर्मियों की होगी तैनाती
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, मेले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 300 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। यातायात प्रबंधन और अवैध गतिविधियों पर निगरानी के लिए भी विशेष इंतजाम होंगे।
विद्यार्थियों के लिए पहली बार निबंध प्रतियोगिता
मेले में रामपुर और आसपास के स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए पहली बार लवी मेले के इतिहास पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्कूल स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को अंतिम प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विजेताओं के साथ अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिए जाएंगे।
इसके अलावा सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों में पिछले तीन वर्षों की नई उपलब्धियां प्रदर्शित की जाएंगी। नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
बैठक में एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष कर्ण शर्मा, उपाध्यक्ष रोहित नेगी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लाल चंद शर्मा और कैलाश फेडरेशन के निदेशक त्रिलोक बलूनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





