सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने की दिशा बैठक की अध्यक्षता, विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

14 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन

शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में बुधवार को नाहन के बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरमौर जिले में केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन तथा लाभार्थियों को मिल रहे लाभों की समीक्षा की गई।

बैठक में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, उपायुक्त प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी उपस्थित रहे।

सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण सड़क संपर्क, सामाजिक सुरक्षा, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और विभाग आपसी समन्वय से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें।

पीएमजीएसवाई के तहत 32 सड़क कार्य पूरे

बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत जिले में विभिन्न चरणों के 32 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इनमें पीएमजीएसवाई-III के बैच-I के 11, बैच-II के 12 और पीएमजीएसवाई-IV के बैच-I के 9 कार्य शामिल हैं।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन से हजारों लोगों को लाभ

राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत जिले में 3,033 वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन के रूप में लगभग 1.47 करोड़ रुपये दिए गए। विधवा पेंशन योजना के तहत 1,249 महिलाओं को 58.83 लाख रुपये और दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 46 लाभार्थियों को 2.35 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर परिषद नाहन में 356, पांवटा साहिब में 185 और नगर पंचायत राजगढ़ में 76 परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जननी सुरक्षा योजना में अप्रैल 2026 से अब तक 334 महिलाओं को लाभ मिला है। अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक जिले में 3,128 प्रसव हुए, जिनमें 2,977 संस्थागत प्रसव थे। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान 5,298 प्रसव दर्ज किए गए, जिनमें 5,151 संस्थागत प्रसव शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वर्ष 2025-26 में 3,990 महिलाओं को लगभग 2.77 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 2,340 महिलाओं को 89.87 लाख रुपये का लाभ मिला है।

छह माह में 935 मोतियाबिंद ऑपरेशन

राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अप्रैल से सितंबर 2026 तक जिले में 935 मोतियाबिंद ऑपरेशन किए गए। वहीं, जनवरी से अगस्त 2026 तक 611 क्षय रोगियों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया गया। इस अवधि में टीबी मरीजों को पोषण सहायता देने के लिए 730 नि-क्षय मित्र पोषण किट भी वितरित की गईं।

सांसद ने क्षय रोग उन्मूलन, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता तथा निगरानी बढ़ाने पर बल दिया।

बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता कप्टा ने किया। इसमें समिति के सरकारी और गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।

Share the news