शिमला में KNH से गायनी OPD शिफ्ट करने का विरोध तेज, जनवादी महिला समिति ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

कमला नेहरू अस्पताल (KNH) से गायनी OPD को IGMC शिफ्ट करने के विरोध में अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन किया। समिति ने मांग की कि गायनी OPD को KNH में ही रखा जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आने वाले समय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
समिति की राज्य सचिव फालमा चौहान ने कहा कि सरकार को OPD शिफ्ट करने के बजाय KNH में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना चाहिए। उन्होंने अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और 1 अप्रैल, 2026 से टेस्ट दरों में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग भी उठाई।
फालमा चौहान ने कहा कि इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट में भी चल रही है। उनके अनुसार, हाईकोर्ट ने KNH में अस्पताल की व्यवस्था बनाए रखने और वहां अन्य गतिविधियां न चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद गायनी OPD IGMC में चलने से महिलाओं को परेशानी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई महिलाओं को IGMC में पर्ची कटवाने के बाद इलाज के लिए KNH जाना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने सरकार से OPD को KNH में ही संचालित करने और महिलाओं को राहत देने की मांग की।

Share the news