राष्ट्रीय ड्रैगन बोट चैंपियनशिप के लिए हिमाचल की टीम दिल्ली रवाना, स्वर्ण पदक पर नजर

17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | बिलासपुर

दिल्ली में 18 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 13वीं राष्ट्रीय ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम बिलासपुर से रवाना हो गई है। प्रतियोगिता में प्रदेश के पुरुष, महिला और जूनियर खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे।
हिमाचल प्रदेश ड्रैगन बोट एवं ट्रेडिशनल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार कसाना, राज्य महासचिव रितेश अहलूवालिया, राज्य उपाध्यक्ष रविंद्र वासुदेवा, एडवोकेट पाल वर्मा और टेक्निकल चेयरमैन रेलू राम ठाकुर ने टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
गोबिंद सागर में लिया 10 दिवसीय प्रशिक्षण
एसोसिएशन के टेक्निकल चेयरमैन रेलू राम ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए खिलाड़ियों ने गोबिंद सागर वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी में 10 दिवसीय प्रशिक्षण लिया। इस दौरान विभिन्न स्पर्धाओं के लिए अभ्यास कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
प्रतियोगिता में हिमाचल की सीनियर पुरुष और महिला टीमें 1000, 500 और 200 मीटर की स्पर्धाओं में भाग लेंगी। वहीं, जूनियर लड़कों और लड़कियों की टीमें 500 और 200 मीटर स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।
स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद
एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष एवं आईएएस अधिकारी राजीव कुमार ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश के लिए स्वर्ण पदक जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए एसोसिएशन लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और मंच प्रदान कर प्रदेश में ड्रैगन बोट खेल को बढ़ावा देना एसोसिएशन का प्रमुख उद्देश्य है।
हिमाचल की टीम अब दिल्ली में अपना दमखम दिखाने और प्रदेश का नाम रोशन करने के इरादे से उतरेगी।

Share the news