संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की अमूल्य पूंजी : श्रीकांत शर्मा

20 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | किन्नौर

किन्नौर के नीचार में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और समर्पित कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित संगठन है। प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और मंडल से जिला स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को सक्रिय, अनुशासित और एकजुट बनाना जरूरी है। श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं से समर्पण और सेवा भाव के साथ काम करते हुए भाजपा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लेने की अपील की।

Share the news