
21 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन कुल्लू में शहीद पुलिसकर्मियों की याद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन शर्मा, डीएसपी (मुख्यालय) रोहित मृगपुरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को नमन किया।
इस अवसर पर देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों के जीवन और संपत्ति की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। अधिकारियों ने वीर जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है।
यह दिन देशभर में कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
जिला कुल्लू पुलिस ने सभी वीर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सदैव पुलिस बल का मार्गदर्शन करता रहेगा। शहीदों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।





