
28 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला/सिहुंता

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच और पीठासीन अधिकारियों की बैठक में भाग लेने के बाद बुधवार को सिहुंता पहुंचे। नई दिल्ली के संविधान सदन में भारतीय संसद की ओर से आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के बाद वह दोपहर 12:20 बजे हवाई मार्ग से गगल एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद वह सिहुंता रवाना हुए और दोपहर 3:30 बजे अपने आवास पहुंचे।
दिल्ली से रवाना होने से पहले पठानियां ने 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में विशेष रूप से आमंत्रित करने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार जताया। उन्होंने दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पीठासीन अधिकारियों की बैठक के आयोजन और आतिथ्य सत्कार के लिए भी धन्यवाद दिया।
पठानियां ने कहा कि 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेना उनके लिए अनूठा अनुभव रहा। इसमें 12 देशों और 10 सहयोगी देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन विभिन्न देशों के बीच विचारों के आदान-प्रदान, आपसी सद्भाव और सहयोग को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, प्रौद्योगिकी के माध्यम से एक-दूसरे की संस्कृति और सभ्यता को समझने का अवसर भी मिलता है।
विधायी निकायों के नियमों के समान प्रारूप पर चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में विधायी निकायों के कामकाज और प्रक्रिया संबंधी नियमों का एक समान प्रारूप तैयार करने की दिशा में काफी प्रगति हुई है। हालांकि, छोटे और बड़े राज्यों की विधानसभाओं के लिए पूरी तरह एक जैसे नियम बनाना और उनके आधार पर कामकाज संचालित करना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस विषय पर आगे विचार-विमर्श के लिए दिसंबर में महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अगली बैठक निर्धारित की गई है। बैठक में इस दिशा में ठोस निष्कर्ष तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मसौदा रिपोर्ट को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जा सके।





