
1 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

दिवाली के बाद भी जिला शिमला में अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण का मामला सामने आया है। जिला पुलिस ने रामपुर और जुब्बल में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो मामले दर्ज किए हैं। जुब्बल में पुलिस ने एक दुकान की दूसरी मंजिल से विभिन्न प्रकार के 412 बॉक्स पटाखे बरामद किए। दोनों मामलों में संबंधित व्यक्ति पटाखों की बिक्री और भंडारण के लिए वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 29 अक्टूबर को पुलिस थाना रामपुर की टीम को सूचना मिली थी कि डकोलर में एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखे बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संबंधित दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकानदार से पटाखों की बिक्री का वैध लाइसेंस और परमिट मांगा गया, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी की पहचान हितेश कुमार (30), पुत्र शिव कुमार बंसल, निवासी डकोलर, डाकघर शिंगला, तहसील रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर संख्या 121/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जुब्बल में दुकान की दूसरी मंजिल से 412 बॉक्स पटाखे बरामद
दूसरी कार्रवाई 30 अक्टूबर को पुलिस चौकी सरस्वतीनगर की टीम ने मांदल कैंची के पास की। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां स्थित एक दुकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया है। टीम ने भवन की तलाशी ली तो दूसरी मंजिल से विभिन्न प्रकार के 412 छोटे बॉक्स पटाखे बरामद हुए।
बरामद पटाखों में साउंड रॉकेट, शान-ए-पंजाब, स्पीड एक्सप्रेस, अवतार रॉकेट, रॉकेट बम, स्टार फोर्स और डायनामाइट बम सहित अन्य किस्म के पटाखे शामिल हैं।
दुकान मालिक की पहचान राजीव कुमार, पुत्र स्वर्गीय प्रकाश चंद, निवासी वार्ड नंबर 7, नगर पंचायत जुब्बल के रूप में हुई है। वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस थाना जुब्बल में एफआईआर संख्या 57/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(B) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने व्यापारियों से की नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगामी जांच जारी है। जिला शिमला पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि पटाखों एवं अन्य विस्फोटक सामग्री की बिक्री और भंडारण केवल वैध लाइसेंस तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत ही करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





