दीपावली पर तीन दिन मॉल रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद, बसों के रूट में भी बदलाव

6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए सोलन जिला प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 6 से 8 नवंबर तक सुबह 9:30 बजे से रात 9 बजे तक मॉल रोड पर सभी प्रकार के मोटर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान मॉल रोड पूरी तरह पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगा।

हालांकि, एंबुलेंस, दमकल, सेना और कानून व्यवस्था से जुड़े वाहनों को प्रतिबंध से छूट दी गई है।

प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार राजगढ़ की तरफ से आने वाली बसें कोटलानाला चौक तक ही पहुंचेंगी और वहीं से वापस लौटेंगी। शिमला की ओर से आने वाली बसें पुराने या नए बस अड्डे तक ही सीमित रहेंगी। वहीं, अंतरजिला बसों और भारी वाहनों को शामती बाईपास से होकर गुजरना होगा।

इसके अलावा शहर के तीन प्रमुख मार्गों को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इनमें कोटलानाला चौक से पुराने उपायुक्त कार्यालय तक, पुराने उपायुक्त कार्यालय से सोलन बाईपास तक तथा पुराने उपायुक्त कार्यालय से अंबुजा होटल चंबाघाट तक का मार्ग शामिल है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन विभाग, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग और परिवहन विभाग को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

अग्निशमन विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में दमकल वाहनों की तैनाती और उपकरणों की पहले से जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, नगर निगम और जल शक्ति विभाग को आपात स्थिति में दमकल वाहनों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करना, पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है।

Share the news