
6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई की ओर से विश्वविद्यालय के साइंस हॉल में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 70 विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ इकाई अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के स्वागत संबोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ता डॉ. ज्योतिप्रकाश का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. ज्योतिप्रकाश ने दीपावली के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और नकारात्मकता पर सकारात्मकता की विजय का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आत्मसात करने तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
अंत में इकाई मंत्री अंकित चंदेल ने मुख्य वक्ता, अतिथियों, विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। एबीवीपी ने कहा कि संगठन भारतीय संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक समरसता और राष्ट्रवादी मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।





