
6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने दीपावली के अवसर पर शिमला के ढली स्थित इंस्टीट्यूट फॉर चिल्ड्रन विद स्पेशल एबिलिटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के साथ दीपावली मनाई, उन्हें मिठाइयां बांटीं और पर्व की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों के प्रति उनका स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव उन्हें संस्थान तक लेकर आया है, ताकि वे बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है और आशा, खुशी, करुणा तथा आपसी सौहार्द का संदेश देती है। त्योहारों की वास्तविक भावना दूसरों के साथ खुशियां बांटने और प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान व अपनत्व का एहसास कराने में निहित है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्थान में बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और विभिन्न कार्यक्रमों का वे अधिकतम लाभ उठाएंगे तथा अपनी क्षमताओं को निखारकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने बच्चों के साहस, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने सपने पूरे करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया।
राज्यपाल ने संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया और बच्चों की देखभाल, शिक्षा तथा सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इससे पहले सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त निदेशक डॉ. भावना ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थान के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग के सदस्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी तथा बच्चों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।





