
हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस की डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर भुई-हुल्ली के पास एक कार की तलाशी ली। इस दौरान कार की अगली यात्री सीट के नीचे छिपाकर रखे पारदर्शी प्लास्टिक पैकेट से करीब 6 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कोटखाई निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशन चौहान (27), पुत्र जगदीश चौहान, रितेश धांटा (36), पुत्र रविंद्र धांटा और उज्ज्वल (31), पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। तीनों आरोपी जिला शिमला के कोटखाई के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना ठियोग में FIR नंबर 171/2026, दिनांक 13 नवंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशे के इस अवैध कारोबार से किस तरह जुड़े हुए थे और इसके पीछे अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं।






