लाला लाजपत राय के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : उमा कौशल

शिमला, 17 नवंबर।

महान स्वतंत्रता सेनानी एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की पुण्यतिथि पर मंगलवार को स्कैंडल पॉइंट शिमला के समीप उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर निगम शिमला की उप महापौर उमा कौशल ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देश की आजादी के आंदोलन में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर उमा कौशल ने कहा कि लाला लाजपत राय का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति, त्याग और संघर्ष का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाकर देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और स्वाधीनता की भावना को मजबूत किया। देश की आजादी के लिए उनका संघर्ष और सर्वोच्च बलिदान सदैव इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।

उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों, विशेषकर युवा पीढ़ी को राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उनके जीवन से अन्याय के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने तथा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की सीख मिलती है।

उमा कौशल ने कहा कि राष्ट्र के महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके बलिदान को स्मरण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा के संकल्प को अपने जीवन में अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शिमला सचिन शर्मा, आयुक्त नगर निगम शिमला सचिन कंवल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि दी।

Share the news