#विधानसभा चुनाव में इस बार बिलासपुर बना सदर हॉट सीट *

इस बार बिलासपुर सदर हॉट सीट बनी हुई है। सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की यह पैतृक सीट रही है। नड्डा यहां से तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं। हालांकि, एक बार हार का भी सामना करना पड़ा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो *

 04 नवंबर 2022

विधानसभा चुनाव में इस बार बिलासपुर सदर हॉट सीट बनी हुई है। सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की यह पैतृक सीट रही है। नड्डा यहां से तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं। हालांकि, एक बार हार का भी सामना करना पड़ा। लेकिन इस बार भाजपा को यहां से अपनों से ही चुनौती मिल रही है।  एक तो भाजपा के सिटिंग विधायक सुभाष ठाकुर का टिकट कट गया, दूसरा भाजपा के ही सुभाष शर्मा बागी हो गए हैं। उन्होंने निर्दलीय ताल ठोक दी है। ऐसे में मुकाबला तिकोना होने के आसार हैं। उधर, टिकट कटने के बाद से विधायक सुभाष नाराज चल रहे हैं। वह अभी तक पार्टी गतिविधियों में शामिल नहीं हुए हैं। इस बार टिकट नए चेहरे त्रिलोक जम्वाल को दिया है। ऐसे में भाजपा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा की सवाल बनी हुई है।

सदर से कांग्रेस की बात करें तो पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस के पक्ष में एक अच्छी बात यह रही कि उन्होंने अपने बागी तिलक राज शर्मा को चुनाव न लड़ने के लिए मना लिया है। हालांकि, बंबर ठाकुर को टिकट के कई दावेदार घेरते रहे हैं। उन पर कई संगीन आरोप भी लगाए। इस सीट पर जीत के लिए नड्डा ही नहीं, उनके बेटे हरीश ने भी पूरा जोर लगाया है। वह पिछले पांच साल से सक्रिय हैं। हाल में एम्स बिलासपुर और हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज के लोकार्पण को भाजपा बड़ी उपलब्धि मान रही है और चुनावों में इसे भुना भी रही है।

सिर्फ एक निर्दलीय ही जीतने में रहा सफल
बिलासपुर सीट से मात्र एक निर्दलीय उम्मीदवार ही जीतकर विधानसभा पहुंचा है। वर्ष 1977 में आनंद चंद ने बतौर निर्दलीय जीत दर्ज की थी। भाजपा ने छह बार और कांग्रेस ने पांच बार जीत दर्ज की है।

कब कौन जीता
साल          विधायक                    पार्टी
1967        दौलत राम सांख्यान        कांग्रेस
1972        किशोरी लाल                कांग्रेस
1977        आनंद चंद                   निर्दलीय
1982        सदा राम ठाकुर            भाजपा
1985        बाबू राम गौतम             कांग्रेस
1990        सदा राम ठाकुर            भाजपा
1993        जगत प्रकाश नड्डा         भाजपा
1998        जगत प्रकाश नड्डा        भाजपा
2003        तिलक राज शर्मा          कांग्रेस
2007        जगत प्रकाश नड्डा        भाजपा
2012        बंबर ठाकुर                कांग्रेस
2017        सुभाष ठाकुर              भाजपा 

Share the news