
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
21 नवम्बर 2022
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला में जल्द रोबोटिक सर्जरी शुरू होगी। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रदेश सरकार को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही रोबोटिक मशीन खरीदकर ऑपरेशन शुरू किए जाएंगे। आईजीएमसी के जनरल सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. आरएस झोबटा ने बताया कि अगर सरकार मंजूरी देती है तो आंत, कैंसर, लिवर समेत गंभीर बीमारियों के मरीजों को लाभ होगा।
रोबोटिक मशीन की कीमत लगभग 25 करोड़ तक है। डॉ. झोबटा ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी में एक चिकित्सक कंसोल में बैठकर सर्जिकल साधनों की मदद से पेट के कैंसर, बड़ी आंत, प्रोस्टेट और लिवर के कैंसर का ऑपरेशन आसानी से और जल्दी कर सकेगा।
एक सामान्य तरीके से ऑपरेशन करने में जहां तीन घंटे लगते हैं, जबकि रोबोटिक सर्जरी से ऑपरेशन एक से डेढ़ घंटे में ही हो जाएगा। इसके अलावा पांच से सात लोगों के बजाय एक चिकित्सक, एक एनेस्थीसिया चिकित्सक और एक सिस्टर पूरे ऑपरेशन का काम संभालेगी।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





