#नए साल में झटका दे सकती है Tata Motors की कारें, नियमों में ये बदलाव करेंगे जेब ढीली*

tata motors cars can shock in the new year these changes

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

6 दिसंबर 2022

भारतीय वाहन कंपनी टाटा मोटर्स अगले महीने से अपने यात्री वाहनों (पीवी) की कीमतें बढ़ा सकती है। कंपनी ने सोमवार को कहा कि वह अपने मॉडलों को एक अप्रैल 2023 से लागू होने वाले उत्सर्जन नियमों के अनुरूप बनाने के लिए यात्री वाहनों की कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रही है।

इस वजह से कीमत बढ़ाने की तैयारी

टाटा मोटर्स के पैसेंजर और इलेक्ट्रिक व्हीकल के मैनेजिंग डायरेक्टर शैलेश चंद्रा ने कहा कि कीमतों में संशोधन से कार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की कीमतों के प्रभाव को भी दूर किया जा सकेगा, जो साल के अधिकांश समय ऊंचे स्तर पर बनी रही हैं। चंद्रा ने कहा, ‘‘इस नियामकीय बदलाव का लागत पर भी प्रभाव पड़ेगा। वहीं कच्चे माल की कीमतों में नरमी का वास्तविक प्रभाव अगली तिमाही से ही आने वाला है।’’

बैटरी की कीमतें बढ़ी

शैलेश ने कहा कि बैटरी की कीमतें भी बढ़ गई हैं। हालांकि अभी तक इसका बोझ बाजार पर नहीं डाला गया है। चंद्रा ने कहा कि इन सब उच्च कीमतों के चलते हम भी मूल्य संशोधन पर विचार कर रहे हैं। बैटरी की कीमतें और नए नियमों ने ईवी खंड को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न मॉडलों को नए उत्सर्जन नियमों के अनुरूप ढालने पर भी लागत आएगी। टाटा मोटर्स घरेलू बाजार में पंच, नेक्सन, हैरियर और सफारी जैसे कई मॉडल बेचती है। यह टियागो ईवी और नेक्सन ईवी जैसे उत्पादों के साथ इलेक्ट्रिक वाहन खंड की अगुवाई करती है।

Share the news