Himachal: 31 मई के बाद नहीं बनेंगे विद्यार्थियों के हिम बस कार्ड, एचआरटीसी ने जारी किए आदेश

हिमाचल प्रदेश में 31 मई के बाद विद्यार्थियों के हिम बस कार्ड नहीं बनेंगे। हिमाचल पथ परिवहन निगम ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को निर्धारित समय में हिम बस कार्ड बनाने को कहा है। 31 मई तक ही आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा। हिमाचल में 15 हजार के करीब विद्यार्थियों के हिम बस कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं, सभी श्रेणियों को मिलाकर अब तक लगभग दो लाख हिम बस कार्ड जारी किए जा चुके हैं। निगम का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नए सत्र से पहले रिकॉर्ड अपडेट करने के उद्देश्य से यह समयसीमा तय की गई है।
निगम ने स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों से अपील की है कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वह जल्द प्रक्रिया पूरी करें। हिम बस कार्ड के लिए स्कूल से प्राप्त आई कार्ड को निगम की साइट पर अपलोड करना होता है। निगम प्रबंधन ने सभी डिपो प्रभारियों को भी निर्देश जारी किए हैं कि विद्यार्थियों को कार्ड बनाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जाए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों को भी इस संबंध में जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा गया है। पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने कहा कि विद्यार्थियों के हिम बस कार्ड के लिए 31 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। अगर सरकार कार्ड बनाने की तिथि को बढ़ती है तो उसी हिसाब से निगम प्रबंधन निर्णय लेगा।

Share the news