HPU में लागू होगी नई डिजिटल शिक्षा व्यवस्था दूसरे राज्यों की यूनिवर्सिटी में भी आसान होगा क्रेडिट ट्रांसफर, बीच में पढ़ाई छोड़ने पर भी सुरक्षित रहेंगे रिकॉर्ड

खबर अभी अभी
हिमाचल प्रदेश ,
Himachal Pradesh University और संबद्ध कॉलेजों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत नई अकादमिक व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसके तहत अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) और डिजिटल क्रेडिट ट्रांसफर सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों का अकादमिक रिकॉर्ड देशभर के अन्य विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से जोड़ा जा सकेगा।

नई व्यवस्था में प्रत्येक छात्र की डिजिटल अकादमिक आईडी बनाई जाएगी, जिसमें उसके विषय, अर्जित क्रेडिट, इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट और परीक्षा परिणाम दर्ज होंगे। इससे छात्र दूसरे राज्यों या विश्वविद्यालयों में प्रवेश लेने पर आसानी से अपने क्रेडिट ट्रांसफर कर सकेंगे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत मल्टीपल एंट्री और मल्टीपल एग्जिट सिस्टम भी लागू होगा। यदि कोई छात्र बीच में पढ़ाई छोड़ देता है, तो उसके अर्जित क्रेडिट सुरक्षित रहेंगे और वह बाद में किसी भी संस्थान में दोबारा प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई वहीं से जारी रख सकेगा।

नई प्रणाली के तहत एक वर्ष की पढ़ाई पूरी करने पर प्रमाणपत्र, दो वर्ष बाद डिप्लोमा और निर्धारित क्रेडिट पूरे करने पर डिग्री प्रदान की जाएगी। छात्र अन्य संस्थानों से ऑनलाइन या ऑफलाइन कोर्स कर अतिरिक्त क्रेडिट भी अर्जित कर सकेंगे, जिन्हें एबीसी सिस्टम के जरिए मुख्य अकादमिक रिकॉर्ड से जोड़ा जाएगा।

वर्तमान में एचपीयू में बीच सत्र माइग्रेशन की प्रक्रिया सीमित है, जहां छात्रों को कई बार दोबारा प्रवेश या सेमेस्टर दोहराने की समस्या का सामना करना पड़ता है। नई क्रेडिट आधारित डिजिटल प्रणाली लागू होने के बाद यह प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी हो जाएगी।

एचपीयू के डीन ऑफ स्टडीज बीके शिवराम के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्र दूसरे राज्यों की यूनिवर्सिटी में भी आसानी से माइग्रेट कर सकेंगे और जिस विश्वविद्यालय से अधिकतम क्रेडिट अर्जित करेंगे, उसी विश्वविद्यालय से उन्हें डिग्री प्रदान की जाएगी।

Share the news