Kullu: घटीगढ़ में फिर हुआ भूस्खलन, चपेट में आई कार, बाल-बाल बचे यात्री

मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घटीगढ़ के पास एक बार फिर भूस्खलन का कहर देखने को मिला है। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अचानक पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से एक कार इसकी चपेट में आ गई। हादसे के दौरान कार में सवार चालक और अन्य यात्री स्थिति को भांपते ही तुरंत वाहन से बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान सुरक्षित बच गई। हालांकि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। भूस्खलन के कारण मार्ग पर भारी मलबा जमा हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटीगढ़ क्षेत्र में बार-बार हो रहे भूस्खलन से यह मार्ग लगातार जोखिम भरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि चार दिन पूर्व भी यहां पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिर गया था और इस दौरान एक जेसीबी पर भी पत्थर गिरा था। इस दौरान यह मार्ग 72 घंटे के बाद छोटे वाहनों के लिए बहाल हुआ था। जबकि दो छोटे वाहनों पर इससे पहले भी मलबा और पत्थर गिर चुके हैं।

Share the news