NH-5 पर जान जोखिम में डालकर स्कूल जाते मासूम, जाबली में फुट ओवरब्रिज की मांग

29/7/2026
सोलन
खबर अभी अभी

सोलन जिले के जाबली क्षेत्र में सरकारी स्कूल के छात्रों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। यहां स्कूली बच्चों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पार कर स्कूल आना-जाना पड़ रहा है। हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। अभिभावकों का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चों को व्यस्त हाईवे पार करते देख हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए जाबली में जल्द से जल्द एक फुट ओवरब्रिज (Foot Over Bridge) का निर्माण किया जाए, ताकि स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके तथा किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।

Share the news