
31 अगस्त 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सोलन के शामलेच टनल के समीप सोमवार सुबह तड़के एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। गुजरात से सोलन की ओर लकड़ी लेकर आ रहा एक ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ।
हादसे के दौरान ट्राला सड़क पर पलट गया और उसमें लदी लकड़ी भी सड़क पर फैल गई। गनीमत रही कि हादसे में ट्राले के चालक और परिचालक सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्राले के सड़क पर पलटने के कारण NH-5 पर यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सिंगल लेन से डायवर्ट की गई, ताकि मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित न हो।
हादसे के बाद सड़क पर पलटे ट्राले और बिखरी लकड़ी को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। ट्राले को सड़क से हटाने के लिए पहले उसमें लदी लकड़ी को खाली करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके बाद ट्राले को सीधा करने और सड़क से हटाने के लिए क्रेन को मौके पर बुलाया गया।
फिलहाल हादसा किस कारण हुआ, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर ट्राले के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस और NHAI की टीम मौके पर मौजूद है और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने तथा सड़क से दुर्घटनाग्रस्त ट्राले और लकड़ी को हटाने का कार्य जारी है।





