अपर लंबिधार-इंदर नगर एंबुलेंस रोड पर लैंड स्लाइड, यातायात पूरी तरह बंद

खबर अभी-अभी | 19 अगस्त 2026 | शिमला

शिमला में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद अपर लंबिधार-इंदर नगर एंबुलेंस रोड पर लैंड स्लाइड होने से सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान मलबे की चपेट में एक वाहन भी आ गया। सड़क बंद होने से बुधवार सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

लैंड स्लाइड के कारण सड़क के ऊपर बने करीब चार घरों पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सबसे ज्यादा परेशानी बीमार और जरूरतमंद लोगों को हो रही है, जिन्हें अस्पताल पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एंबुलेंस रोड बंद होने से आपात स्थिति में मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

लंबीधार-इंदर नगर-रामनगर वेलफेयर सोसाइटी ने पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान और नगर निगम आयुक्त से सड़क पर गिरे मलबे को जल्द हटाकर यातायात बहाल करने की मांग की है।

सोसाइटी ने लैंड स्लाइड प्रभावित स्थान पर जल्द रिटेनिंग वॉल (सुरक्षा दीवार) बनाने की भी मांग की है, ताकि सड़क के ऊपर बने घरों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

वेलफेयर सोसाइटी के प्रेस सचिव लायक राम शर्मा ने कहा कि सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू करने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।

Share the news